अल्मोड़ा के विकासखंड स्याल्दे के बरंगल गांव में गुलदार के एक महिला को अपना निवाला बना लिया। महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में वन-विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव की 50 वर्षीय महिला शान्ति देवी को गुलदार ने अपना शिकार बना डाला। महिला अपने घर में अकेली रहती थी। मंगलवार को महिला जब घर नहीं आई तो ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान ग्रामीणों ने देखा कि उक्त महिला के घर के दरवाजे खुले हैं और पास ही जली हुई टोर्च भी मिली।
घर के कुछ दूरी पर महिला के कपडे मिलने से ग्रामीणों को उसके साथ अनहोनी की आशंका हुई, ग्रामीणों ने तुरंत ही वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम को सूचित किया। मौके पर टीम द्वारा गांव के आसपास खोजबीन करने के बाद महिला का अधखाया शव घर से 200 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया।
बता दें कि इससे पुर्व में भी इस क्षेत्र में गुलदार के हमलों में दो महिला घायल हो गई थी। वहीं, ब्लॉक के सीमावर्ती गाँव डुमडीकोट में कुछ दिन पहले ही एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था, जिसमे महिला बुरी तरह जख्मी हो गई थी। कुल मिलाकर इस क्षेत्र में गुलदार के हमले लगातार बढ़ रहे हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।