उत्तराखंड में जल्द ही 24 घंटे दिखाए जाने वाला डीडी उत्तराखंड चैनल लांच होने जा रहा है। इसमें उत्तराखंड के स्थानीय कार्यक्रमों को दिखाया जाएगा। इस चैनल के जरिए उत्तराखंड सरकार की योजनाओं के साथ ही प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य व पर्यटन स्थलों से संबंधित वृतचित्र भी दिखाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी दूरदर्शन के माध्यम से प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा निखारने का अवसर देने की अपेक्षा की है। शनिवार को दूरदर्शन, नई दिल्ली की महानिदेशक सुप्रिया साहू ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदर्शन प्रचार व प्रसार का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम के अलावा अनेक महत्वपूर्ण एवं प्रसिद्ध स्थल है। जिनको वैश्रि्वक पटल पर लाने की आवश्यकता है। दूरदर्शन ऐसे स्थलों का प्रचार प्रसार कर देश-विदेश में उत्तराखंड को विशिष्ट पहचान दिला सकता है। महानिदेशक दूरदर्शन सुप्रिया साह ने कहा कि उत्तराखंड में जल्द ही डीडी उत्तराखंड चैनल लांच करने की तैयारी है जिसे पूरे देश में देखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही उत्तराखंड के न्यूज बुलेटिन का प्रसारण किया जाएगा। दूरदर्शन उत्तराखंड की महिलाओं, बच्चों व युवाओं पर शाबास उत्तराखंड के नाम से 52 एपिसोड निकालने की योजना भी बना रहा है। दूरदर्शन प्रत्येक जिले में जाकर रियलिटी शो करने और युवाओं के गाने के टैलेंट को उभारने के लिए सिंगिग स्टार ऑफ उत्तराखंड कार्यक्रम भी तैयार किया जाएगा।
')}