तहसील चौक पर देर रात हडताली कर्मचारियों ने कूड़ा डाल कर जिला प्रशासन और नगर निगम की कार्यवाही के खिलाफ आक्रोश जताया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर जाम भी लगा दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया जिसके बाद प्रदर्शनकारी नगर निगम पहुंच गए और वहां खड़े निगम के वाहनों की हवा निकाल दी।
पिछले 10 दिनों से चली आ रही हड़ताल को लेकर अब जाकर नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों पर कार्रवाई की। नगर आयुक्त के आदेश पर नाला गैंग के 120 कर्मचारियों को हटाने के साथ ही नाइट स्वीपिंग में काम पर न आने वाले 44 कर्मचारियों को भी हटा दिया गया है। निजी काम से कई दिनों से छुट्टी में चल रहे नगर आयुक्त ने बुधवार को कार्यभार संभाला और सफाई कार्य के लिए खुद मैदान में उतरे।
बता दें कि मोहल्ला स्वच्छता समिति से जुड़े 408 कर्मचारियों के संविदा में समायोजन की मांग के समर्थन में सफाई हड़ताल पर हैं। जिसके कारण शहर में गंदगी का अंबार लगा रहा है। अब हड़ताली कर्मचारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई है, मगर सफाई के वैकल्पिक इंतजाम नहीं हो सके। नगर निगम कुछ खास नहीं कर पाया। एनजीओ और सफाई के प्रोजेक्ट चलाने वाले भी इन दिनों नदारद हैं। सफाई कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हैं। नगर निगम और सरकार का अपनी डफली अपना राग है। ऐसी सूरत में किसको मानें जिम्मेदार?
हड़ताल के चलते पिछले एक सप्ताह से दून अस्पताल से कूड़ा नहीं उठा है, जबकि अस्पताल में रोजाना भारी मात्रा में कूड़ा पैदा होता है। दून अस्पताल में शौचालय के ठीक बगल में कूड़ा स्थल है, जहां पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। यहां पड़ा कूड़ा सड़ रहा है, जिससे मरीजों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में दुर्गंध फैल रही है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से अब दुकानदार भी प्रभावित होने लगे हैं। तहसील के पास सड़क में चारों तरफ कूड़े के ढेर लगने से व्यापारी परेशान हैं। तहसील सब्जी मंडी बाजार में कूड़े से उठ रही दुर्गन्ध के कारण पिछले चार दिन में आठ व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी हैं।
हड़ताल से शीशमबाड़ा में कूड़े के ट्रीटमैंट प्लांट में भी असर पड़ा है। आम दिनों में शीशमबाड़ा प्लांट में रोजाना 240 टन कूड़ा जाता था, लेकिन अब मात्र 80 से 100 टन कूड़ा ही प्लांट में जा रहा है। शहर से रोजाना 140 से 160 टन कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। चकराता रोड, बिंदाल पुल, रेसकोर्स बन्नू स्कूल के पास, एफआरआई के पास, कौलागढ़, रायपुर रोड, पंडितवाड़ी के पास, कांवली रोड में दो जगह पर, नेहरू कालोनी व धर्मपुर सब्जी मंडी के पास आदि जगहों पर कूड़े के बड़े ढेर लगे हैं।
')}