आज उत्तराखंड राज्य का जन्मोत्सव है और इस मौके पर उत्तराखंड सरकार ने पहले उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार की घोषणा की है। सरकार ने पांच अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए पांच विभूतियों को पुरस्कार के लिए चुना है।
सचिव प्रभारी सामान्य प्रशासन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, समाज सेवा और लोक सेवा के लिए उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी को मरणोपरांत चयनित किया गया है। पर्यावरण के क्षेत्र में डॉ.अनिल जोशी, साहसिक खेल के लिए बछेंद्री पाल, संस्कृति के लिए लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को और साहित्य के क्षेत्र में रस्किन बांड को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। पांचों विभूतियों को मंगलवार को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सम्मान हेतु चयनित अनिल जोशी, रस्किन बॉण्ड, श्रीमती बछेन्द्री पाल, नरेन्द्र सिंह नेगी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी को यह सम्मान प्रदेश के विकास में उनके द्वारा दिये गये योगदान का राज्य की ओर से दिया गया सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष 5 व्यक्तियों को दिये जाने वाला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को पहचान दिलाने वालों का सम्मान है यह सम्मान प्रेरणा का कार्य भी करेगा।