पांच राज्यों में चल रहे चुनावों पर जहां देशभर की नजर है वहीं देशभर के कर्मचारियों को भी चुनाव खत्म होने का बेसब्री से इंतजार है। दरअसल देशभर के केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ता, महंगाई राहत बकाया और हाउसिंग रेंटल अलाउंस (HRA) में बढ़ौतरी का इंतजार है। माना जा रहा है कि महंगाई भत्ते (DA) की बढ़ौतरी की घोषणा 10 मार्च को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव नतीजों के आने के बाद और होली से पहले की जा सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2016 के बाद 2022 में एक बार फिर केन्द्रीय कर्मचारियों का फिटमेंट फैक्टर बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में फिटमेंट फैक्टर 2.57 फीसदी है और इसे 3.68 फीसदी तक बढ़ाया जा सकता है। इसका लाभ करीब 52 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। फिटमेंट बढ़ने के साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन (Minimum Wages) में भी बंपर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
इससे कर्मचारियों की सैलरी में 8000 का फायदा मिलेगा और न्यूनतम वेतन 26000 हो जाएगा। बेसिक वेतन बढ़ने से अपने आप महंगाई भत्ता भी बढ़ जाएगा। बेसिक वेतन में सीधे 8000 रुपये महीना का इजाफा होगा।
AICPI के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2021 तक डीए 34.04% तक पहुंच गया है। भत्ते में 3% की वृद्धि के बाद 18,000 रुपये के मूल वेतन पर डीए 73,440 रुपये प्रति वर्ष होगा। एक्सपर्ट बताते हैं कि DA पूर्णांक में ही देय होता है, इसलिए जनवरी 2022 से कुल 34% बनेगा, ऐसे में कर्मचारियों का 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ना तय माना जा रहा है। वेतन में 20848, 73440 और 232152 रुपए तक वृद्धि हो सकती है। इसमें हर लेवल के कर्मचारियों की सैलरी और डीए में अलग अलग बढ़ोतरी होगी।