देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन फिलहाल उत्तराखंड के लिए राहत भरी खबर ये हैं कि प्रदेश में कोरोना का रिकवरी रेट 50 फीसदी से ज्यादा हो गया है। आज की रिपोर्ट के अनुसार रिकवरी रेट करीब 51.79% हो गया है। यानी अस्पतालों में कोरोना का इलाज कराने के लिए भर्ती हुए आधे से अधिक मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं।
प्रदेश में अब तक 1560 मरीज मिले हैं। इसमें से 808 मरीज ठीक हो चुके हैं वहीं 730 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है। राज्य में बुधवार को अस्पतालों से कुल 53 मरीज ठीक होकर घर गए हैं। जिसमे देहरादून के 22, अल्मोड़ा के 3, चमोली के 4, उधमसिंह नगर के 15 और हरिद्वार के 9 मरीज शामिल हैं।
मंगलवार को भी 41 लोग ठीक हुए थे, नैनीताल जिले में सबसे अधिक मरीज ठीक हुए हैं। नैनीताल के 216 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। देहरादून से 162, टिहरी से 98, यूएस नगर से 78 और अल्मोड़ा से 65 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। प्राइवेट लैब में संक्रमित मिले कितने मरीज ठीक हुए है उसकी जानकारी अभी नहीं है।
देहरादून में सबसे अधिक केस-
सबसे अधिक मामलों की बात करें तो देहरादून जिले से सबसे अधिक मामले और एक्टिव केस हैं। आज हेल्थ बुलेटिन में प्राइवेट लेब के मरीज भी देहरादून में जोड़े गए हैं जिसके बाद देहरादून में कुल मरीजों का आंकड़ा 398 दर्शाया गया है। इसके बाद नैनीताल में 334 व टिहरी गढ़वाल में 223 लोग संक्रमित हुए हैं।
