भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। टीम ने 73 साल में पहली बार थॉमस कप जीता, वो भी उस इंडोनेशिया को हराकर, जिसने 14 बार इस खिताब को हासिल किया है। भारत ने इंडोनेशियाई टीम को 3-0 से मात दी। भारत इस टूर्नामेंट में पहली बार फाइनल खेल रहा था। पांच मुकाबलों की इस खिताबी जंग में भारत ने लगातार तीन जीत हासिल कीं। इनमें दो सिंगल्स और एक डबल्स शामिल है। इस जीत के बाद केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय टीम के लिए एक करोड़ की इनामी राशि की घोषणा की। यह पहला मौका है जब खेल मंत्रालय ने ओलिंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा कोई बैडमिंटन टूर्नामेंट जीतने पर इनाम घोषित किया है।
भारतीय टीम से पीएम ने बात की-
जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों से बात की और उन्हें इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। एचएस प्रणय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर यह जानकारी दी।
भारत इस टूर्नामेंट को जीतने वाला छठवां देश बना
अब तक 32 बार थॉमस कप हुआ है और केवल पांच देश ही विजेता बन सके हैं। भारत इस टूर्नामेंट को जीतना वाला छठवां देश बन गया है। इंडोनेशिया थॉमस कप की सबसे सफल टीम है। अब तक 14 बार खिताब पर कब्जा जमाया है। 1982 से इस टूर्नामेंट में भाग ले रही चीनी टीम ने 10 और मलेशिया ने 5 खिताब जीते हैं। जापान और डेनमार्क दोनों के पास एक-एक खिताब है। थॉमस कप हमेशा एशियाई देशों ने जीता। 2016 में डेनमार्क यह खिताब जीतने वाली पहली गैर एशियाई टीम थी।