देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को भाजपा के मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम् के तहत रानीपोखरी मंडल, माजरी ग्रांट मंडल औौर बालावाला मंडल प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग किया।
रानीपोखरी मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रशिक्षण भाजपा की कार्यपद्धति का हिस्सा रहा है। पार्टी अपने राजनैतिक चरित्र को ध्यान में रखते हुए कार्य करती है।
भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण में यही अनुशासन सिखाया जाता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, सामर्थ्य और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड पर नियंत्रण के लिए प्रधानमंत्री जी ने जो प्रयास किए, उसकी दुनिया ने सराहना की। कोविड के शुरुआती दौर में उन्होंने जान है तो जहान है के मंत्र के साथ लाकडाउन किया।
उसके बाद जान भी है और जहान भी के मंत्र के साथ पूरी सतर्कता के साथ आर्थिक गतिविधियां दुबारा शुरू की। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्होंने 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में देश कोविड पर तेजी से नियंत्रण पा रहा है। प्रधानमंत्री जी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को देशवासियों ने आत्मसात किया है। आत्मनिर्भर भारत के लिए इस दिशा में हमें तेजी से आगे बढ़ना होगा। आज भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री जी ने दुनिया में भारत को एक अलग पहचान दिलाई है। पीएम के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। देशवासियों ने प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर हर वो कार्य किए हैं, जो भारत की मजबूती में सहायक सिद्ध रहे हैं। कोरोना काल में समाज के हर वर्ग ने अपना सहयोग दिया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान लोगों की हर संभव सहायता के प्रयास किए हैं।