त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में कैबिनेट मंत्री होने के साथ सरकारी प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे मदन कौशिक को बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी है। नए मुख्यमंत्री द्वारा कमान संभालने के बाद कई महत्वपूर्ण पदों में बदलाव के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष भी बदला गया है। बताया जा रहा है कि तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) हाईकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल दिया है।
हाईकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री व हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को दी है। इससे पहले ये जिम्मेदारी बंशीधर भगत संभाल रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। जारी किए गए पत्र में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने लिखा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मदन कौशिक को उत्तराखंड प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सूत्रों की मानें तो बंशीधर भगत को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।