रानीखेत : विकासखंड ताड़ीखेत के खग्यार ग्राम की मेधावी हिमानी जोशी ने वनस्थली विद्यापीठ (राजस्थान) की ओर से मास्टर ऑफ साइंस (जियोलॉजी) परीक्षा-2020 की मेरिट में सम्मान के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्वर्णपदक हासिल किया है। कुलपति ने उन्हें सम्मान के तौर पर प्रशस्तिपत्र व पदक प्रदान किया है। पद्मभूषण अनिल प्रकाश जोशी ने शुभकामना संदेश में इसे उत्तराखंड के लिए बड़ा गौरव बताया।
होप संस्था के प्रमुख खग्यार गांव निवासी प्रकाश चंद्र जोशी की पुत्री हिमानी जोशी ने एमएससी भूगर्भ विज्ञान की परीक्षा में स्वर्ण पदक पाकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हिमानी ने यह परीक्षा जून 2020 में वनस्थली विद्यापीठ जयपुर (राजस्थान) से पास की। विद्यापीठ खुलने के बाद हिमानी को स्वर्ण पदक मिला है।
बता दें कि हिमानी ने जैनोली स्थित पं. गोविंद बल्लभ जोशी जूनियर हाईस्कूल तुड़िया सुयाल से प्राथमिक शिक्षा पाई। 12वीं के बाद हिमानी स्नातक के लिए राजस्थान चली गईं। वहां उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ में प्रवेश लिया था जहां उन्होंने 96 फीसदी अंक प्राप्त कर विद्यापीठ में स्वर्ण पदक विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया था। हिमानी वर्तमान में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से पीएचडी कर रही हैं।