उत्तराखण्ड सरकार यूक्रेन में निवासरत प्रदेश के सभी छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिये भारत सरकार के लगातार सम्पर्क में है। विदेश मंत्रालय द्वारा यूक्रेन में रह रहे भारतीयों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की जा रही है। मंगलवार देर रात्रि यूक्रेन से उत्तराखंड के 28 और छात्र दिल्ली एयरपोर्ट के जरिए देश लौटे है। जिन्हें उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर रिसीव किया। इसके अलावा में कुछ छात्र मुंबई एयरपोर्ट के जरिए भी भारत लौटे हैं। मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ विशेष मीटिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात विदेश से लौटे स्टूडेंट्स से बात भी की।
वहीं आज सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रभारी मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि यूक्रेन में उत्तराखण्ड के जो छात्र एवं अन्य नागरिक हैं, उनके परिजनों से लगातार संपर्क स्थापित किया जाय। उन्होंने निर्देश दिए कि यूक्रेन में फंसे प्रदेश के नागरिकों की वर्तमान लोकेशन की जानकारी शासन एवं दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय को भी समय-समय पर दी जाय, ताकि सभी सूचनाओं का आदान-प्रदान एम.ई.ए को शीघ्रता से किया जा सके। प्रभारी मुख्य सचिव ने कहा कि यूक्रेन सीमा से लगे देशों में इंडियन एम्बेसी से भी जानकारी ली जा रही है। अभी तक उत्तराखण्ड के 282 लोगों की सूचना प्राप्त हो चुकी है, जो यूक्रेन और उसके आस-पास के देशों में फंसे हैं, जिनमें से 37 सकुशल घर वापस लौट चुके हैं। प्रभारी मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन की ओर से बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सचिव विनोद कुमार सुमन को नई दिल्ली में नोडल अधिकारी के रूप में भेजा गया है।