बागेश्वर जिले के थाना कांडा में एक महिला ने तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग लड़की के साथ अज्ञात ने दुराचार कर आत्महत्या के लिये प्रेरित किया है, जिसके बाद 8 जुलाई को उनकी लड़की ने आत्महत्या कर दी है। मुकदमा दर्ज किये जाने के बाद पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने पुलिस टीम त्वरित कारवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी बागेश्वर की अनुमति मिलने पर पुलिस द्वारा मृतका को जहां पर दफनाया गया था वहां निकालकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय बागेश्वर लाया गया। जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाबालिग लड़की की मृत्यु गला घोंटने से होना प्रकाश में आया।
इसके अलावा डिस्ट्रिक मोबाईल फाॅरेन्सिक यूनिट जनपद अल्मोडा द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना सम्बन्धी महत्वपूर्ण साक्ष्यों का संकलन किया गया। मौत की वजह पता होने पर पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों व आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की गयी।
इस दौरान नाबालिग लड़की के पिता द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दिये जाने पर पुलिस टीम द्वारा उससे गम्भीरता से पुनः पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पिता द्वारा कबूल किया गया कि लोकलाज के कारण उसने ही आवेश में आकर अपनी लड़की की गला घोंट कर हत्या कर दी थी। नाबालिग लड़की की हत्या किये जाने पर अभियुक्त प्रकाश चन्द्र काण्डपाल को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया आज उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुछताछ के उसने बताया कि उसकी लडकी अपने दादा-दादी के साथ रहती थी। सात जुलाई को परिवार को लड़की के गर्भवति होने के सम्बन्ध में जानकारी हुई। जिस पर आपसी कहा-सुनी होने के बाद वह घर चला गया उसके बाद रात्रि में वापस जाकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर अपने घर चला गया।
सुबह के समय उसने वहां जाकर गांव वालों को कहा कि लडकी ने लोक लाज के कारण आत्महत्या कर दी है। आत्महत्या वाली बात पर यकीन कर ग्रामीणों द्वारा अंतिम संस्कार कर शव को शमशान घाट में दफनाया गया। पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही इसके पीछे जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी।