उत्तराखंड में मुख्यमंत्री को लेकर चल सभी हलचलों को विराम लग गया है। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम की घोषणा भाजपा विधायक दल की बैठक में हुई। बैठक में धामी के नाम पर मोहर लग गई हैं। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में केन्द्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की उपस्थिति में उनकी नाम की घोषणा हुई। धामी 23 मार्च को फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 23 को शपथ लेने के बाद पुष्कर सिंह धामी को 6 महीने के अंदर चुनाव लड़कर विधायक बनना होगा, इसके लिए किसी विधायक की सीट खाली की जाएगी।
आलाकमान के सामने कई विधायक उनके लिए अपनी सीट खाली कराने की बात कह चुके हैं। पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी 47 साल के धामी उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री हैं। उत्तराखंड की खटीमा विधानसभा सीट से लगातार दो बार से विधायक बनते रहे हैं लेकिन इस बार चूक गए, लेकिन बीजेपी ने उनके नेतृत्व में प्रदेश में शानदार जीत दर्ज की जिसका तोहफा पार्टी ने उनको फिर से मुख्यमंत्री बनाकर दिया है। बता दें कि प्रदेश की जनता भी पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती थी, लेकिन उनके चुनाव हारने से सस्पेंस बना हुआ था। उनके मुख्यमंत्री बनने पर प्रदेशभर में ख़ुशी की लहर है।