पौड़ी जिले के सत्याखाल मोटर मार्ग पर एक बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुखद घटना के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा उनके परिवारजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK-12PB-0177 पौड़ी शहर से सेंट्रल स्कूल जाने वाले मार्ग पर सत्याखाल के पास अनियंत्रित होकर 100 मीटर खाई में जा गिरी, बस पेड़ से टकराकर रुक गई। खाई में गिरने से बस के परखच्चे उड़ गए। बस में कुल 23 यात्री सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद तेजी से रेस्क्यू अभियान किया गया। घायलों को पौड़ी और श्रीनगर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।