भारत अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। उत्तराखंड में भी भी गणतंत्र दिवस को धूम-धाम से मनाया जा रहा है। आज मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने गणतन्त्र दिवस के अवसर पर सचिवालय प्रांगण में झण्डारोहण किया। मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों एवं सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतन्त्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
मुख्य सचिव ने सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने उन सभी संविधान निर्माताओं को भी नमन किया जिन्होंने एक महान और गौरवशाली संविधान के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि देवभूमि का होने के नाते, उत्तराखण्ड के नागरिकों को पर्यावरण की ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए कृत संकल्प होना होगा। मुख्य सचिव ने कहा कि गणतन्त्र दिवस के अवसर पर हम सबको अपनी आजादी, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने का आज संकल्प लेना है। राज्य में आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं शांति बनाए रखते हुए प्रदेश के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।