उत्तराखण्ड के कई होनहार अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर ही उच्च पदों पर काबिज हैं। इसी क्रम में अब पिथौरागढ़ जिले की बेटी दीक्षा जोशी ने यूपीएससी सिविल सेवा 2021 के फाइनल रिजल्ट में 19वां स्थान हासिल कर आईएएस बन गयी हैं। दीक्षा जोशी की इस सफलता से प्रदेश और जिले का नाम रोशन हुआ है। बता दें कि सोमवार को यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा के फाइनल के नतीजे घोषित कर दिए हैं। पहले तीन स्थानों पर लड़कियों ने बाजी मारी है। श्रुति शर्मा ने टॉप किया है, तो दूसरे दूसरे नंबर पर अंकिता अग्रवाल और तीसरे पर गामिनी सिंगला रही हैं। वहीं उत्तराखंड की दीक्षा जोशी ने भी यूपीएससी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 19वीं रैंक हासिल की है।
दीक्षा के पिता सुरेश जोशी उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हैं। गौरतलब है कि इंटर तक की पढ़ाई पिथौरागढ़ के मल्लिकार्जुन स्कूल से करने के बाद दीक्षा ने देहरादून से उच्च शिक्षा ग्रहण की है। इसके बाद दीक्षा ने एमबीबीएस की पढ़ाई करने का मन बनाया था। एमबीबीएस की पढ़ाई के साथ वह दो साल से यूपीएससी की भी तैयारी कर रही थीं। दीक्षा ने अपने पहले प्रयास में सफलता हासिल की है। एक पिता और उसके परिवार के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि बेटी ने उनके सपने को पूरा कर दिखाया। डॉ. दीक्षा जोशी ने ऑल इंडिया रैंकिंग में 19वां स्थान हासिल कर सिर्फ पिथौरागढ़ का ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम मान बढ़ाया है।