भारतीय खिलाड़ियों का एशियन गेम्स में दमदार प्रदर्शन जारी है। लगातार प्लेयर्स देश के लिए मेडल ला रहे हैं। खासकर शूटिंग तो खिलाड़ियों ने कमाल ही कर दिया आज शूटिंग प्रतियोगिता का आखिरी दिन है आज शूटिंग में भारतीय मेंस ट्रेप टीम ने 361 के एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता है। पृथ्वीराज टोंडाइमन, डेरियस चेनाई और जोरावर संधू की जोड़ी की सटीकता, फोकस और टीम वर्क ने हमारे देश को गौरव दिलाया है। इन शार्पशूटरों को उनकी अविश्वसनीय उपलब्धि पर लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। भारतीय महिला शूटर्स ने भी भारत को रजत पदक दिलाया है मनीषा कीर, प्रीति रजक, राजेश्वरी कुमारी ने महिला ट्रैप टीम फाइनल इवेंट में सिल्वर मेडल देश के नाम किया। 337 के स्कोर के बावजूद भारतीय महिलाएं गोल्ड से चूक गईं।
एशियाई गेम्स में आज भारत की बेटी ने अपने नाम अनोखा इतिहास दर्ज कर लिया है। भारत की अदिति अशोक ने महिला गोल्फ प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। एशियन गेम्स में भारत की किसी महिला गोल्फर ने आज तक पदक नहीं जीता था। महिलाओं के 57 किलोग्राम भारवर्ग कैटेगरी में परवीन ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है उजबेकिस्तान की मुक्केबाज को हराते हुए सेमीफाइनल में एंट्री के साथ ही परवीन ने पेरिस ओलिंपिक 2024 का टिकट भी कटा लिया।
बता दें कि एशियन गेम्स 2023 की पदक तालिका में भारत 41 मेडल के साथ चौथे पायदान पर है। जिसमें से 11 गोल्ड, 16 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल हैं। आज भारत के लिए कई खेलों में पदक आने की उम्मीद है। आर्चरी में भी भारतीय खिलाडी मैदान फतह करने को तैयार हैं। बॉक्सिंग से लेकर एथलीट मुकाबलों में भी आज भारत की झोली में कई पदक आ सकते हैं।