देहरादून: स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत गंभीर दुर्घटना शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार, ऋषभ दिल्ली से अपने घर रूड़की लौटते समय उनकी कार दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिसके चलते उन्हें चोटें आई हैं। पंत (25) के करीबी सूत्रों ने बताया कि रुड़की में अपने घर जा रहे क्रिकेटर को दुर्घटना के बाद स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि पंत के सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। क्रिकेटर से लेकर फैंस तक अपने हीरो की सलामती के लिए दुआ मांग रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण से लेकर मोहम्मद शमी, अभिनव मुकुंद, मुनफ पटेल सहित तमाम लोगों ने पंत की सलामती की दुआ मांगी है।
जानकारी के अनुसार, कार एक्सिडेंट के बाद स्थिति विकट थी। ऋषभ कार में फंसे थे। आग लग गई थी। लेकिन, लड़ाकू स्वभाव के ऋषभ पंत ने जिंदगी की लड़ाई लड़ी। ऐसे ही उन्हें फाइटर नहीं कहा जाता है। उन्होंने कार का विंडस्क्रीन तोड़ा। यह उनके गंभीर परिस्थिति में जूझने और जीतने की कवायद का परिणाम है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही ऋषभ अपने पैरों पर खड़े होंगे। मैदान में वापस लौटेंगे। डॉक्टरों का कहना है कि ऋषभ का स्वास्थ्य स्थिर है। वे बात कर रहे हैं। बड़ी या स्थायी चोट नहीं है। दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सिर में चोट लगी है। मैक्स हॉस्पिटल में इलाज के बाद दिल्ली लाए जाने की चर्चा है। हालांकि, मैक्स हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट ने कहा कि ऋषभ की जांच प्लास्टिक सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ कर रहे हैं। जल्द ही इस मामले में जल्द ही विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा।