चमोली जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर है। यहां अंतिम संस्कार में जा रहे लोगों का वाहन गहरी खाई में गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वलाण गांव के पद्म सिंह की बीते रोज मौत हो गई थी। आज उसका अंतिम संस्कार करने के लिए ले जाया जा रहा था।
अंतिम संस्कार में शामिल लोग एक मैक्स में सवार थे। देवाल घेस मोटर मार्ग पर मैक्स जैसे ही काला ताल के नजदीक पहुंची कि मैक्स के चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे मैक्स गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें 09 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है, सभी मृतक ग्राम-बलाण गांव के निवासी हैं। जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीएम थराली के मुताबिक मैक्स में 18 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात को वलाण गांव के पदम सिंह की तबियत खराब हो गई थी। उन्हें देहरादून अस्पताल ले जाते वक्त आधे रास्ते में वाहन न मिलने के कारण एक होटल में रुक गए। इस बीच बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों से संपर्क करने पर पद्म सिंह का अंतिम संस्कार देवाल संगम पर करना तय हुआ। इसके लिए परिजनों और गांव के कुछ अन्य लोग रविवार दोपहर पौने बारह बजे मैक्स वाहन से देवाल के लिए चले। उनके साथ एक लोडर भी था, जिसमें अंत्येष्टि के लिए लकडिय़ां रखी हुई थी।
वाहन गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर पहुंचा था कि अचानक अंसुलित हो गया और लगभग 15 फीट सड़क पर घिसटने के बाद करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई से लुढ़क कर कैल नदी में समा गया। फिलहाल, प्रशासन की टीम मौके पर रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई है। जिलाधिकारी चमोली घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं घायलों को देवाल और थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। 2 घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
मृतकों के नाम-
- जयवीर सिंह (30) पुत्र नारायण सिंह,
- कैलाश सिंह (40) पुत्र गोविंद सिंह
- मदन सिंह (55) पुत्र केदार सिंह
- जय सिंह (42) पुत्र पुष्कर सिंह
- सुरेंद्र सिंह (53) पुत्र बलवंत सिंह
- धर्म राम (59) पुत्र पार सिंह
- गोपाल सिंह (37) पुत्र खिलाफ सिंह
- मदन सिंह (32) पुत्र पदम सिंह
- दरवान सिंह (65) पुत्र राम सिंह
घायलों के नाम–
- मोहन सिंह (36 ) पुत्र भजन सिंह,
- हिम्मत सिंह (60) पुत्र हयात सिंह
- आलम राम पुत्र हयात राम
- महावीर सिंह पुत्र भजन सिंह (वाहन चालक 32 वर्ष )
- गोपाल सिंह (52 ) पुत्र गोविंद सिंह