डोईवाला में थाना रानीपोखरी अंतर्गत भोगपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत परिवार के चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामला रानीपोखरी थाना क्षेत्र के चक सिंधवाल गांव का है। यहां आरती 26 पुत्री विजेंद्र सिंह का विवाह पवन रावत पुत्र स्वर्गीय चमन सिंह निवासी भोगपुर से लगभग 2 महीने पूर्व 12 दिसंबर 2021 को हुआ था।
लड़की के पिता विजेंद्र ने पुलिस को तहरीर में बताया कि विवाह के पहले दिन से ही आरती को कम दहेज के चलते परेशान किया जाने लगा, तहरीर में लड़के पर अन्य आरोप भी लगाए। शनिवार शाम 7 बजे आरती ने अपनी बहन से फ़ोन पर बात की थी जिसमें वह काफी डरी और घबराई हुई थी।
जिसके बाद रविवार सुबह आरती का पति पवन उनके घर आया और आरती के बाथरूम में फिसलकर चोट लगने की बात कही और बताया कि आरती अभी हिमालयन अस्पताल में भर्ती है। जिसके बाद लड़की के परिजन तुरंत हिमालयन अस्पताल की तरफ भागे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि लड़की की मृत्यु 10 घंटे पहले ही हो चुकी है।
जिसके बाद लड़की के पति पवन रावत ने कहा कि आरती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विवाहिता के पति, मां, देवर, और मौसा सहित कुल 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।