उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुलायम दो अक्टूबर से लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम यानी वेंटिलेटर पर थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की और कहा कि दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
उनके निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया। इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट द्वारा उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का समाचार दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। बता दें कि लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव ने 10 अक्टूबर को आखिरी सांस ली।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव उत्तराखंड से ख़ास रिश्ता रखते थे वे कभी भी अलग उत्तराखंड राज्य के पक्ष में नहीं थे। लेकिन उत्तराखंड राज्य की नींव 1994 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में पड़ गई थी। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव आठ पहाड़ी जिलों को मिलाकर उत्तराखंड राज्य के पक्षधर थे अगर मुलायम सिंह यादव उस समय उत्तराखंड राज्य को ख़ुशी-ख़ुशी बनाने में मदद करते तो उनकी उत्तराखंड के लोगों के बीच अलग ही इमेज होती लेकिन ऐसा नहीं हुआ बल्कि उनके कार्यकाल के समय पर एक दर्दनाक हादसा उत्तराखंड के लिए वह काला दिवस के रूप में मनाया जाता है। दरअसल, उत्तराखंड के उत्तर प्रदेश में होने के दौरान उनके सीएम रहते हुए 27 साल पहले रामपुर तिराहा कांड हुआ था। राज्य आंदोलनकारी आज भी पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के उस कार्यकाल को कभी नहीं भूलेंगे।
इस घटना के बाद पहाड़ के लोग भी मुलायम सिंह यादव के नाम से नफरत करने लगे हालांकि मुलायम सिंह यादव का उत्तराखंड से खास रिश्ता भी रहा है मुलायम सिंह यादव की दोनों बहुएं उत्तराखंड से ही हैं। मुलायम सिंह की बड़ी बहू डिंपल मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं। डिंपल का जन्म अल्मोड़ा में हुआ है। छोटी बहू अपर्णा यादव उत्तरकाशी की रहने वाली हैं। उत्तरकाशी के बरसाली गांव निवासी अरविंद सिंह बिष्ट की बेटी अपर्णा से मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का विवाह हुआ है। हालांकि अरविंद सिंह बिष्ट लंबे समय से लखनऊ में रहते हैं। जबकि उनके चार अन्य भाई उत्तरकाशी में ही रहते हैं। मुलायम सिंह यादव के निधन पर उनके सगे-संबंधियों ने शोक व्यक्त किया है।