बागेश्वर: जिले कपकोट क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां गोगीना गांव में बर्थी गधेरे में नहाते समय चार बच्चे डूब गए। जिला प्रशासन ने और बचाव टीम द्वारा तीन शव निकाल लिए गए जबकि एक की खोजबीन जारी है। गांव के चार बच्चे डूबने से गांव में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील के गोगिना गांव में सोमवार की सुबह घर से नाश्ता करने के बाद चार किशोर नहाने के लिए स्थानीय बर्थी गधेरे की तरफ चले गए। नहाते समय गधेरे में बने तालाब में चारों डूब गए सूचना मिलने पर गांव में अफरातफरी मच गई। डूबने वालों में तीन बच्चे हल्द्वानी में पढ़ते हैं जो अवकाश पर घर आए हुए थे, जबकि एक बच्चा गाँव में रहता था।
खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों ने तीन किशोरों को पानी से बाहर निकाल लिया था, एक किशोर को प्रशासन की टीम खोज रही है। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि राजस्व पुलिस, एसडीआरएफ, मास्टर ट्रेनर की टीम घटना स्थल रवाना कर दी है। चौथे बच्चे को खोजने का प्रयास जारी है। डूबने वालों सभी गोगिना गांव के हैं। जिसमें अभिषेक सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला,17 वर्ष, अजय सिंह पुत्र नारायण सिंह रौतेला, 16 वर्ष, सुरेश सिंह उर्फ पंकज पुत्र दुर्गा सिंह, 13 वर्ष,विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, 14 वर्ष शामिल है। इनमें विक्रम का शव अभी नहीं मिला है।