उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है। देहरादून में उत्तराखंड CM की रेस पूरी हो गई है। बड़ी खबर आपको बता दें कि प्रदेश के नए सीएम पुष्कर सिंह धामी होंगे। नए सीएम के रूप में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लग चुकी है। वो पांच बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि चुनौतियां तो हैं लेकिन हमें सबका साथ लेकर चलना है और प्रदेश को आगे बढ़ाना है।
पुष्कर सिंह धामी का जन्म पिथौरागढ़ के टुंडी गांव में हुआ। गांव में शुरुआती पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की। धामी पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उनके पास मानव संसाधन प्रबंधन में मास्टर डिग्री है। पुष्कर सिंह धामी कॉलेज के दिनों में ही एबीवीपी से जुड़ गए थे। लखनऊ विश्वविद्यालय में धामी छात्र समस्याओं को उठाने के लिए जाने जाते थे। साल 1990 से 1999 तक वो एबीवीपी में विभिन्न पदों पर रहे।
छात्र राजनीति के दिनों में वो यूपी में एबीवीपी के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी के पिता सेना में थे, इसलिए समाज और देश के लिए कुछ करने की शिक्षा उन्हें परिवार से मिली। तीन बहनों का अकेला भाई होने की वजह से वो पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी कुशलता से निभाते रहे। वो दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके कंधों पर प्रदेश में होने चुनावों का रोडमैप तैयार कर कुमाऊं में बीजेपी की स्थिति को मजबूत करने की चुनौती होगी।