ऋषिकेश: दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर माने जाने वाले साउथ अफ्रीका के जॉन्टी रोड्स बुधवार को ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने अंतराष्ट्रीय योग फेस्टिवल में हिस्सा लिया, मुनिकीरेती योगा घाट पर बने पांडाल में सैकड़ों युवाओं और योग साधकों को फिट रहने के टिप्स दिए। ऋषिकेश पहुंचकर उन्होंने गंगा में डुबकी भी लगाई। सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि पवित्र गंगा के ठंडे पानी में डुबकी लगाने से शारीरिक और आध्यात्मिक दोनों फायदे हैं।
Benefits of cold water immersion in the Holy Ganges are both physical and spiritual #moksha #rishikesh #internationalyogfestival pic.twitter.com/yKjJUZsoz2
— Jonty Rhodes (@JontyRhodes8) March 4, 2020
इसके बाद कई लोगों ने जॉन्टी के इस ट्वीट को रिट्वीट किया है। जॉन्टी रोड्स ने ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र की एक अन्य तस्वीर भी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है। इसमें उन्होंने यहां लगे जाम को दर्शाया है। चित्र में सड़क पर रेत से लदे खच्चर नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही जोंटी ने ‘आई लव ऋषिकेश’ भी टैग किया है। इसके बाद वे तय कार्यक्रम के तहत मुंबई रवाना हो गए।
Rush hour in Tapovan #iloveRishikesh pic.twitter.com/fcPjdK1wO7
— Jonty Rhodes (@JontyRhodes8) March 4, 2020
मालूम हो, रोड्स अपने परिवार के साथ भारत में छुट्टियां मना रहे हैं। इससे पहले भी वे देवभूमि उत्तराखंड में परिवार के साथ कई दिन गुजार चुके हैं। 50 साल के जॉन्टी रोड्स इन दिनों आईपीएल के 13वें संस्करण के लिए भारत में हैं। इस बार वह किंग्स इलेवन पंजाब के साथ बतौर फील्डिंग कोच जुड़े हैं। जॉन्टी ने साउथ अफ्रीका के लिए 52 टेस्ट और 245 वनडे खेले है। उन्होंने 2016 में जन्मी अपनी बेटी का नाम भी ‘इंडिया’ रखा है। वह भारत की संस्कृति, परंपराओं और विरासत से खासे प्रभावित हैं।