पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी के चाकीसैंंण तहसील में बरात से लौट रहा एक मैक्स वाहन खाई में जा गिरा। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसे में मरने वालों में तीन सगी बहनें शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, श्रीनगर विधानसभा के पैठाणी क्षेत्र के सिलौली से एक बारात डोबरी गांव गई हुई थी। वापस सिलौली गांव वापस लौटते समय मैक्स अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पाबौ पीएचसी में उपचार के दौरान एक अन्य की मौत ही गई है। दुर्घटना में कुल 09 लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पैठाणी थानाध्यक्ष विरेंद्र रमोला ने बताया कि सोमवार को थाना क्षेत्र के गांव सिलौली से एक बारात डोबरी गांव गई थी। शाम को वापस लौटते समय बारातियों का एक मैक्स वाहन स्योली मल्ली मोड़ के पास अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में अंकित पुत्र प्रकाश लाल ग्राम सिरौली तल्ली, हयात सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिरौली, मेहरबान सिंह पुत्र केदार सिंह ग्राम सिलौली, अंबिका तथा दृष्टि पुत्री कलम सिंह गांव जाख की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मोनिका की मौत हो गई है।
इस दर्दनाक हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आज पौड़ी में स्योली के पास हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’
आज पौड़ी में स्योली के पास हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है।
मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 25, 2022