रुद्रपुर : शनिवार को मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना का शिकार हो गई जिसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गयी और 50 अन्य घायल हो गये। हादसा उस समय हुआ जब स्थानीय लोग शनिवार रात यूएस नगर जिले के बाजपुर कस्बे के विक्रमपुर गांव में एक खेत से घर लौट रहे थे।
दुर्घटना के बाद शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाया। बाजपुर सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पंकज माथुर ने कहा कि दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कम से कम 50 घायलों का इलाज किया गया। उनमें से छह गंभीर हैं। एसपी (शहर) चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि मृत महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय पार्वती देवी और 34 वर्षीय रूपवती के रूप में हुई है। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी मजदूर भुकमपुरी गांव के रहने वाले थे।