16वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह (46) का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए शनिवार तड़के उनके पैतृक गांव उडियारी (द्वारीखाल ब्लाक) पहुंचा। देवभूमि सपूत की अंतिम यात्रा पर आंखों में आंसू लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। मां और पत्नी बेसुध हो गई। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के दौरान सभी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद की अंतिम यात्रा निकाली गई।
यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ी और भारत माता की जय, वीर स्वतंत्र तुम अमर रहो के नारे लगाए। इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
शहीद स्वतंत्र सिंह का पैतृक श्मशान घाट भैसखेतु में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे अंकित ने उन्हें मुखग्नि दी। यहां मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।