बागेश्वर उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने जीत हासिल की है इसके साथ ही वह बागेश्वर की प्रथम महिला विधायक भी बन गई हैं हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी लेकिन आखिर में 2405 वोटों का अंतर रह गया। सभी 14 राउंड की मतगणना के बाद प्रत्याशी पार्वती दास को 33247 वोट मिले। उन्हें कुल डाले गए वोट का 49.54 वोट पड़े। कांग्रेस के बसंत कुमार को 30842 वोट मिले जो कि 45.96 रहा। जबकि उत्तराखंड क्रांति दल के अर्जुन देव को कुल 857 वोट, समाजवादी पार्टी के भगवती प्रसाद को 637, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के भागवत कोहली को 268 मत मिले। नोटा पर 1257 वोट डाले गए।
बागेश्वर में भाजपा की जीत के साथ ही भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाना शुरू हो गया है। उधर प्रत्याशी पार्वती दास के घर पर कार्यकर्ताओं को जमावड़ा लग गया है। कांग्रेस के लिए बागेश्वर सीट पर हार के साथ बड़ा झटका लगा है क्योंकि कांग्रेस इस चुनाव को आगामी लोकसभा चुनाव से जोड़कर देख रही थी ऐसे में हार ने उन्हें फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह विजय मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों के हमारी सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। इस उप चुनाव में बागेश्वर विधानसभा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन और राज्य सरकार की नीतियों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत स्व. चंदनराम दास जी को श्रद्धांजलि है। उनके समय के रूके हुए कार्यों और उनके सपनों को पूरा किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर की जनता ने राज्य सरकार पर जो विश्वास जताया है, बागेश्वर की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बागेश्वर का विकास किया जायेगा। बागेश्वर उप निर्वाचन में जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशी श्रीमती पार्वती दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट को बधाई दी।
बता दें कि बीजेपी ने उत्तराखंड की बागेश्वर सीट के साथ त्रिपुरा में भी दो सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने केरला में पुथुपल्ली सीट पर जीत हासिल की है। बंगाल की धूपगिरि सीट पर त्रिमूल कांग्रेस का दबदबा है। उत्तरप्रदेश में घोसी सीट पर समाजवादी पार्टी का दबदबा दिख रहा है हालांकि यहां पर अभी आधी मतगणना ही हुई है। झारखंड की डुमरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जीत हासिल की है।