पिथौरागढ़ के सौली गांव में घर के आंगन में खेल रहे एक 6 साल के मासूम को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से मां बेसुध है। जानकारी के मुताबिक, तहसील मुख्यालय से लगभग 14 किमी दूर इस गांव में रविवार शाम गजेन्द्र सिंह का 6 साल का बेटा मयंक खाती अपने घर के आंगन में पांच साथियों के साथ खेल रहा था। अंधेरा होते ही लगभग 5.20 बजे अचानक पीछे से गुलदार आया उसने मासूम मयंक को झपट्टा मारकर उठा ले गया।
इस घटना के बाद बच्चे के परिजन व गांव के लोग गुलदार के पीछे दौड़े। लोगों की तेज आवाज के बाद गुलदार घटना स्थल से महज 150 मीटर दूर उसे छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस घटना से पूरे गांव में दहशत है। घटना के बाद वन विभाग की टीम व नायब तहसीलदार राजेन्द्र गिरी गोस्वामी मौके पर पहुंचे। उन्हें व वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। वहीं, घटना से गांव में दहशत का माहौल है।