देहरादून : उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने चारधाम यात्रा या हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा की तीर्थयात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘टूरिस्ट केयर सिस्टम (Tourist care system) मोबाइल ऐप तैयार किया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को फोन में ‘टूरिस्ट केयर सिस्टम’ मोबाइल एप डाउनलोड कर उस पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिये श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर प्रशासन नजर रख सकेगा।
2013 में उत्तराखंड में अचानक आई आपदा में 5,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। सरकार के पास बहुत सारे लोगों की जानकारी तक नहीं थी। इस त्रासदी के बाद से चार धाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के उपायों पर मंथन चल रहा था। अधिकारियों का मानना है कि इस ऐप के जरिये आपदा, मौसम की जानकारी और यात्रा में कितने लोग शामिल हैं, उसका पूरा ब्योरा सरकार के पास रहेगा। इससे सरकार को पर्यटकों की सुरक्षा में आसानी होगी।
चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इसे कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) की वेबसाइट gmvnonline.com पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। वेबसाइट पर जाकर ऊपर चारधाम ऑफिशियल यात्रा रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करना होगा। जिसके बाद नया इंटरफेस खुलेगा। जिस पर दाहिने साइड में एक विंडो ओपन होगा। पहला ऑप्शन चारधाम टूर पैकेज होगा और दूसरा दूसरा चारधाम रजिस्ट्रेशन का। रजिस्ट्रेशन वाले आप्शन पर क्लिक करने पर नया इंटरफेश खुलेगा। जिसमें, राष्ट्रीयता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी इंटर कर सबमिट करने पर रजिस्ट्रेशन हो जाएगा।