उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा सरकार बन गई है। बुधवार को पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउण्ड में मुख्यमंत्री की शपथ ली। धामी के कैबिनेट मंत्रियों ने भी उनके साथ शपथ ली, इस बार पूर्व स्पीकर प्रेमचंद को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही कोटद्वार से बीजेपी विधायक ऋतु खंडूरी को राज्य की पहली महिला स्पीकर बनाया जा रहा है।
ऋतु खंडूरी उत्तराखंड के ही मुख्यमंत्री रहे भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी हैं। ऋतु भाजपा की विधायक भी हैं। पौड़ी जिले की जिस कोटद्वार विधानसभा सीट से 2012 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रहते हुए भुवन चंद्र खंडूड़ी को हार का सामना करना पड़ा था, उसी कोटद्वार सीट पर इस बार ऋतु ने जीत हासिल कर पिता की हार का बदला लिया। ऋतु बिहार कैडर के आईएएस अफसर राजेश भूषण की पत्नी भी हैं। बता दें, 10 मार्च को घोषित हुए नतीजों में ऋतु खंडूरी ने कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह नेगी को 3 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है।
ऋतु खंडूरी का जन्म नैनीताल में 29 जनवरी 1965 में हुआ था। उनके परिवार की पृष्ठभूमि फौजियों की रही है। खंडूरी के फौज में होने के कारण उनकी पढ़ाई भी पिता की पोस्टिंग के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर हुई। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री पाई। उसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। वह पत्रकारिता में भी डिप्लोमा कर चुकी हैं। वर्ष 2006 से लेकर 2017 तक उन्होंने नोएडा की ऐमिटी यूनिवर्सिटी में फैकल्टी के रूप में काम किया। पहले जीतकर विधायक बनी और अब उन्हें स्पीकर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का मौका मिला है।