रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान और पीआरडी जवान के झड़प होने के बाद पीआरडी जवान की मौत होने की खबर है। आरोपी आरक्षी दीपक डंगवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, सोनप्रयाग में यात्रा सीजन ड्यूटी हेतु नियुक्त एक पुलिस जवान और दो पीआरडी जवानों के मध्य हुई आपसी मारपीट की घटना में तीनों पर चोटें आयी थीं। एक पुलिस कर्मी व एक पी0आर0डी0 जवान का स्थानीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया था। पुलिस व पीआरडी जवान के मध्य आपसी झगड़े एवं मारपीट में चोटिल हुए एक पीआरडी जवान सूरवीर को गम्भीर स्थिति में हायर सेन्टर रैफर किया गया था, पहले श्रीनगर और फिर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस प्रकरण की विस्तृत जांच सम्बन्धित सर्किल के क्षेत्राधिकारी को सौंप दी गयी है, पुलिस के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सम्बन्धित दोषी कार्मिक के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। मृतक पीआरडी जवान के परिजनो की तहरीर के आधार पर आरोपी पुलिस कर्मी के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग पर मु.अ.सं 15/2022 धारा 302 भा.द.वि. अर्थात हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी पुलिस कर्मी को गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।