भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक हरबंस कपूर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे लेकिन अचानक ही सोमवार सुबह को बुरी खबर आई कि उनका निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंद्रा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे। वे अभी 75 वर्ष के थे। उनके निधन से भाजपा समेत क्षेत्रवासियों में भी शोक की लहर है।
बता दें कि गढ़ी कैंट से वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर 8 बार विधायक रहे। सीएम ने दिवंगत विधायक हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि “आज प्रातः विधानसभा में मेरे वरिष्ठ सहयोगी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आदरणीय श्री हरबंस कपूर जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मृदुभाषी श्री कपूर ने हमेशा सादगी के साथ जीवन जिया।” उन्होंने आगे लिखा “राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मैं ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।”
आज प्रातः विधानसभा में मेरे वरिष्ठ सहयोगी एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आदरणीय श्री हरबंस कपूर जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मृदुभाषी श्री कपूर ने हमेशा सादगी के साथ जीवन जिया। pic.twitter.com/62eYlODK7r
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 13, 2021
हरबंस कपूर के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक है। विधायक की सियासी व्यवहार-कुशलता उन्हें दूसरों से अलग करती थी। सियासत की लंबी पारी की वजह से उनसे हर कोई वाकिफ भी था।