कहते हैं मन में कुछ करने का अटूट जज्बा हों तो कुछ भी मुश्किल नहीं है। इस बात को एक बार फिर सही साबित कर दिखाया है राज्य के एक और होनहार युवा सूरज सिंह मेहरा ने। उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट निवासी सूरज सिंह मेहरा भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अब वे आसमान में लड़ाकू विमान उड़ाकर दुश्मनों के छक्के छुड़ाएंगे।
उनकी फ़्लाइंग ऑफिसर बनने पर परिजनों में ख़ुशी का माहौल है, सूरज का बचपन से ही सपना था कि वह वायु सेना में फ़्लाइंग लेफ्टिनेंट बनेगा अब उसका यह सपना पूरा हुआ है। सूरज की प्राथमिक पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल लोहाघाट और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल बालाचड़ी गुजरात में हुई इसके बाद सूरज राष्ट्रीय रक्षा अकादमी पुणे से अपने सपनों को पूरा करने में जुट गए।
2019 में आइएएफ हैदराबाद से कमीशन मिलने के बाद भारतीय सेना में बतौर अधिकारी कमीशन प्राप्त हुए, वहीं कड़ी ट्रेनिंग के बाद अब उनकी पदोन्नति फ्लाइंग लेफ्टिनेंट पद पर हो गई है। जिसके बाद वे भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान उड़ा सकेंगे। उनका फ़्लाइंग लेफ्टिनेंट बनना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है सूरज की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी। बता दें कि मूलरूप से थुवा माहरा निवासी सूरज के पिता अर्जुन सिंह मेहरा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सुबेदार हैं और मां रजनी मेहरा गृहिणी हैं।