देहरादून : टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम पर इनामों की बरसात हो रही है। ओलंपिक में भारत के लिये पहली हैट्रिक लगाने वाली उत्तराखंड की स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया को राज्य सरकार 25 लाख का ईनाम देगी। वंदना का चयन इस वर्ष के तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कारों के लिए भी हुआ है।
यह भी पढ़ें- GOOD NEWS: केन्द्र से 42 सड़क मार्गों के लिए 615 करोङ 48 लाख रूपये की मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने घोषणा की है कि टोक्यो में शानदार प्रदर्शन करने वाली वंदना को ईनाम दिया जाएगा। सीएम ने कहा है, हमें गर्व है कि ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन में उत्तराखण्ड की बेटी वंदना कटारिया का अविस्मरणीय योगदान रहा है। उत्तराखण्ड सरकार की ओर से वंदना को 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उत्तराखण्ड में नई एवं आकर्षक खेल नीति लागू की जाएगी। इस नीति में विशेष रूप से हमारे युवाओं में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं का विकास करने हेतु उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान होगा। हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश के कोने कोने में वंदना जैसी प्रतिभाओं के दीप प्रज्ज्वलित हों।
आपको बता दें कि वंदना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक जड़कर इतिहास रचा था। वो ओलंपिक में हैट्रिक करने वाली भारत की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी थी। उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल मैच में भी एक शानदार फील्ड गोल दागा था। पीएम मोदी ने भी उनके खेल की जमकर तारीफ की थी। वंदना उत्तराखंड के हरिद्वार के रोशनाबाद गांव की रहने वाली हैं। वह टीम की पूर्व कप्तान भी रह चुकी हैं। गांव के स्टेडियम में संसाधनों के अभाव के बावजूद कड़ी मेहनत से वंदना इस मुकाम तक पहुंची हैं। उत्तराखंड सरकार ने वंदना को तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए चयनित किया है। 8 अगस्त को तीलू रौतेली की जयंती पर 22 महिलाओं व किशोरियों को यह सम्मान दिया जाएगा।