उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखंड की बसों को यूपी में एंट्री की अनुमति मिलने के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने दिल्ली के लिए पूरी तरह बसों का संचालन शुरू कर दिया है। आज देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार से दिल्ली के लिए रेगुलर बसों का संचालन शुरू हो गया है। आईएसबीटी देहरादून से अब हर आधे घंटे में दिल्ली के लिए बस मिल जाएगी।
सुबह पांच बजे से आठ बजे तक प्रत्येक 15 मिनट में बस दिल्ली जाएगी। वहीं दिल्ली कश्मीरी गेट आइएसबीटी से भी देहरादून के लिए पहली बस सुबह पांच बजे मिलेगी। रोडवेज अधिकारियों ने दिल्ली आइएसबीटी से भी सुबह पांच बजे से आठ बजे के बीच और शाम को छह बजे से रात दस बजे के बीच बसों का अधिक संचालन करने की बात कही है।
यात्रियों की सुविधा को लेकर आनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है, परिवहन निगम ने देहरादून से चंडीगढ़ के लिए बस सेवाएं शुरू कर दी हैं सुबह सात बजे से 12 बजे तक हर घंटे एक बस चंडीगढ़ जाती रहेगी। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों के लिए भी बसों का संचालन शुरू हो गया है।
बता दें कि सात मई को सभी राज्यों से आने वाली बसों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस रोक की वजह से उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवा सबसे ज्यादा प्रभावित हुई क्योंकि यूपी से होते हुए ही उत्तराखंड की तमाम बसें दिल्ली व अन्य राज्यों के लिए चलती हैं। ऐसे में यूपी सरकार की अनुमति का भी इन्तजार करना पड़ा।