मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नवरात्र, इन पवित्र दिनों में पड़ने वाले विवाह समारोहों तथा रमजान पाक को देखते हुए, आमजन की सुविधा के लिए रात्रि कर्फ्यू को रात 10 बजे की बजाय रात 10ः30 बजे से लागू करने के निर्देश दिये हैं। ये उन्हीं स्थानो के लिये है जहां पहले से रात्रि कर्फ्यू लागू है।
मुख्यमंत्री जी ने जनता से अनुरोध किया है कि कोविड-19 से सम्बंधित नियमों का पालन करें। साथ ही मुख्यमंत्री ने समस्त ज़िला अधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देशित किया है कि भारत सरकार द्वारा जारी कोविड से सम्बंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएँ।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ‘डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयन्ती’ की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र में संविधान निर्माता बाबा साहेब अम्बेडकर का महत्वपूर्ण योगदान है। वे जीवन पर्यन्त मानवता की सेवा में समर्पित रहे। बाबा साहेब का यह सपना था, कि भारत में जातिवाद खत्म हो, सामाजिक समानता के अवसर हों, अधिकारों की रक्षा हो। हमारे संविधान में देश के प्रत्येक नागरिक को, चाहे वह किसी भी जाति, संप्रदाय या पंथ से हो, समानता का अधिकार प्राप्त है। यह बाबा साहेब की ही देन है।