गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने समस्त प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आन्दोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के निर्माण का एक उत्सव है।
बाबा साहेब अम्बेडकर के दिशानिर्देशन में बनाए गए संविधान हमारे राष्ट्र को गौरव के शिखर तक ले जाने में निरंतर मार्गदर्शन करता आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें देशभक्तों के सपनों को साकार करने और अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध होने का संकल्प लेना चाहिए।
संविधान के अंतर्गत ही हम सभी की जिम्मेदारी यह भी है कि हम न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूलभूत लोकतान्त्रिक आदर्शों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में देश के साथ ही हमारा प्रदेश भी निरंतर विकास की सीढ़ियां चढ़ रहा है। हमने राज्य के विकास और पारदर्शी शासन पर फोकस किया है। हमारी सरकार ने ‘बातें कम, काम ज्यादा’ के मूलमंत्र को अपनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।