विवादित टिप्पणी मामले में आज सुबह गिरफ्तार किए गए सिंह को बीजेपी ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पार्टी ने विधायक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। राजा सिंह ने एक वीडियो जारी कर इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर मोहम्मद के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उनका ये बयान जब तेजी से वायरल होने लगा और लोगों का गुस्सा बढ़ने लगा तो उन्होंने इसे मजाक बताया था। लेकिन तब तक बात काफी आगे निकल चुकी थी। हैदराबाद में लोग उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए थे। उनके विरूद्ध कई थानों में एफआईआर दर्ज हो चुका है।
भाजपा ने तेलंगाना विधायक से पूछा है कि क्यों न उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर दिया जाए? उनसे 10 दिन में जवाब देने को कहा गया है। इसके अलावा भाजपा विधायक के खिलाफ जांच भी बिठाई गई है। पूरा विवाद छह मिनट तैंतीस सेकंड के वीडियो से जुड़ा है। उन्होंने विवादों में रहने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को निशाना बनाते हुए टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा, ”एक कॉमेडियन है जो थर्ड क्लास कॉमेडी करता है और हिंदुओं, भाजपा के बड़े अधिकारियों को टारगेट करता है। भगवान रामचंद्र और सीता मैया के बारे में अपशब्द कहता है।
आरोप है कि इस वीडियो में उन्होंने अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं। बाद में वे वीडियो में कह रहे हैं, जो जिस भाषा में सुनेगा, उसे टी राजा सिंह उसी भाषा में जवाब देगा। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था, लेकिन इसकी वजह है कि एक व्यक्ति ने मेरे राम और मेरी सीता माता के बारे में अपशब्द कहे और हमारे भगवानों पर कॉमेडी की। इसलिए आज मजबूरन मुझे भी ये कॉमेडी करनी पड़ रही है। विचार करें।