देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय उधम सिंह नगर भ्रमण के दौरान रविवार को खटीमा स्थित फाइबर अतिथि गृह में जन समस्या निवारण कार्यक्रम में आम जनता से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक, धार्मिक, बार एसोसिएशन, उद्योग बन्धु, पार्टी कार्यकर्ता, किसान, पूर्व सैनिक, व्यापारिक बन्धु व विभिन्न संगठनों से भी संवाद कर उनकी समस्या सुनी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार नो पेंडेंसी पर कार्य करेगी। जिसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो कार्य जिस स्तर का हो उसका उसी स्तर पर तत्काल निस्तारण करना सुनिश्चित करें, आवेदन पत्र किसी भी दशा में लम्बित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी अधिकारी के स्तर पर कोई लापरवाही प्रकाश में आई तो सम्बन्धित की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2027 तक उत्तराखंड को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, परिवहन, उद्योग आदि समस्त क्षेत्रों में पूरे देश में प्रथम स्थान पर लाना है, जिसके लिए आप सबका सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर यह सपना साकार करना होगा।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक सामान्य परिवार के व्यक्ति को मुख्य सेवक बनाया है उस दायित्व को सबके सहयोग से पूर्ण करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो घोषणाएं व शिलान्यास की गई है उनको प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। मैं आपका बेटा, भाई हूॅ, उत्तराखंड का चहुमुखी विकास करने के लिए प्रयास करूँगा।