नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी टीम आज रविवार शाम पांच बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेगी। राजभवन में राज्यपाल बेबीरानी मौर्य सीएम व मंत्रिमंडल के सदस्यों को यह शपथ दिलाएंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने जानकारी दी कि आज शाम पांच बजे राजभवन में मुख्यमंत्री और सभी मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। मीडिया में चल रही विधायकों की नाराजगी वालों खबरों में दम नहीं दिख रहा है। इससे पहले यह चर्चा थी कि आज केवल पुष्कर सिंह धामी ही शपथ ग्रहण करेंगे।
बता दें कि धामी को सरकार में कार्य का अनुभव बहुत कम रहा है, क्योंकि वह अभी तक मंत्री ही नहीं बने। दूसरी बार के विधायक बने धामी को सड़क पर उतरकर आक्रामक तेवरों के लिए जाना जाता है। पार्टी को आने वाले छह महीनों में चुनाव के दौरान उनके ऐसे ही तेवर की जरूरत है।
उधर, मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाएं बहुत कम बताई जा रही है, अलबत्ता कुछ मंत्रियों को अतिरिक्त विभाग मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस बारे में स्थिति साफ़ की है पुष्कर धामी ने बताया कि मंत्रिमंडल का गठन अभी कुछ दिन पहले ही हुआ है। ऐसे में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। फिर भी संतुलन बनाने की जरूरत होगी तो इस पर हाईकमान से विचार किया जा सकता है। यह भी चर्चा है कि क्षेत्रीय व जातीय संतुलन साधने की कवायद में गढ़वाल मंडल से किसी चेहरे को उप मुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है। हालांकि पिछली बार भी कुछ इसी तरह की चर्चा थी लेकिन प्रदेश को उप मुख्यमंत्री नहीं मिला, ऐसे में सिर्फ संभावना ही जताई जा सकती है।