हरिद्वार : भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में पूल ए के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 4 – 3 से शिकस्त दी है, जिसके साथ भारत ने नॉकआउट की उम्मीदों को कायम रखा है। इस मुकाबले में उत्तराखंड की बेटी वंदना कटारिया ने अपने शानदार प्रदर्शन और हैट्रिक से इतिहास रच दिया है। उन्होंने कुल 3 गोल दागे, इसी के साथ वंदना ओलंपिक मैच में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला बन चुकी हैं।
अब भारत को ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच होने वाले मुकाबले का इंतजार है, ब्रिटेन के हाथों आयरलैंड की हार भारत को आगे ले जाएगी और अगर आयरलैंड जीत जाता है, तो भारत बाहर हो जाएगा। क्योंकि तब आयरलैंड अंकों के मामले में भारत की बराबरी पर आ जाएगा
बता दें कि आज दक्षिण अफ्रीका के साथ हुए मैच में वंदना ने पहला गोल खेल के चौथे मिनट में किया। वंदना ने एक बेहतरीन फील्ड गोल के माध्यम से भारत को 1-0 से आगे किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने भी एक गोल कर दिया लेकिन ठीक दो मिनट वंदना ने एक और गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
वंदना ने यह गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किया, इसके बाद जब आखिर में स्कोर 3-3 पर चल रहा था तो वंदना ने एक बार फिर अपना क्लास दिखाया और 49वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को एक बार फिर 4-3 से आगे कर दिया। भारत इस स्कोर को बचाने में सफल रहा और साथ ही उसने आगे जाने की सम्भावनाओं को भी जिंदा रखा है।
इधर बेटी की इस शानदार उपलब्धि पर हरिद्वार स्थित वंदना के घर में जश्न का माहौल है। बता दें कि वंदना के पिता की 30 मई को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद भी बंगलुरू में टोक्यो ओलिंपिक की तैयारियों में जुटी वंदना कटारिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच में शानदार प्रदर्शन कर पिता को श्रद्धांजलि दी है। आगे भारत का भविष्य किस्मत पर जरूर टिका है लेकिन उत्तराखंड की बेटी ने ओलंपिक में हैट्रिक लगाकर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज कर लिया है। पूरा देश इस बेटी पर गर्व कर रहा है।