चीन से शुरू हुए कोरोनावायरस अब दुनिया के 17 देशों में पहुंच चुका है। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे देखते हुए अंतरराष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। चीन में इस खतरनाक वायरस से मरने वालों की संख्या 213 पहुंच चुकी है। भारत में एक मामला सामने आया है वहीं कल कोरोना वायरस के संदिग्ध मामले में पांच और मरीजों (4 पुरुष और एक महिला) को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। ये सभी संदिग्ध चीन से लौटे थे।
सरकार के अनुसार, भारत में अब तक 234 फ्लाइट में 43,346 यात्रियों को स्क्रीन किया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव, संजीवा कुमार ने बताया कि हमने पुणे के अलावा 6 नई लैब शुरू किए हैं जो कोरोना वायरस की जांच में सक्षम हैं। अब तक NIV को 49 सैंपल रेफर हुए, इसमें से 48 नेगेटिव निकले हैं। चीन में फैले कोरोनावायरस को देखते हुए भारत सरकार वुहान प्रांत में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए तैयारी कर रही है। इसके तहत दो विशेष विमानों को शुक्रवार को चीन रवाना किया जाएगा।