रणचट्टी के पास अवरुद्ध श्री यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग बड़े-छोटे दोनों प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। बुधवार शाम भारी बारिश के बाद रणचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर 12 मीटर लंबी सड़क के बह जाने से प्रभावित हुई थी। इस दौरान करीब 2000 यात्री फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। मार्ग अवरुद्ध होने के दौरान पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उन्हें होटल और अन्य जगहों पर ठहराया गया।
एन0एच0 की टीम द्वारा मार्ग को शीघ्र ही खोल दिया गया, सड़क खुलने के बाद सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए आगे भेजा गया। बता दें कि 19 मई तक कुल 2,47,348 तीर्थयात्री गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गंगोत्री और यमुनोत्री राजमार्गों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।