उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में गुलदार का आतंक चरम पर है पिछले तीन दिनों में अलग अलग जगह से चार जगह गुलदार के हमले में 4 लोग घायल हुए हैं सबसे पहले गुलदार ने गुरूवार की रात्री गरुड़ तहसील के वज्यूला क्षेत्र में एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसका मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में इलाज चल रहा है।
गड़खेत वन क्षेत्र के छटिया गांव निवासी विजय गिरी (9 वर्ष) पुत्र राजेंद्र गिरी गुरुवार की रात्रि शौच करने बाहर आया था। साथ में उसकी दादी भी थी। तभी घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुआ उसे घसीट ले जा रहा था। तभी उसकी मां और दादी जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने भी शोर मचाया। आवाज सुनकर तेंदुआ बालक को छोड़कर भाग गया।
गुरुवार को ही दिन में जिला मुख्यालय से सटे एक मंदिर के पास एक गुलदार ने सुशील कुमार(30) पर हमला बोल दिया, जिसमे वो घायल हो गए, वह गांव में ही मजदूरी का काम करता है। गुरुवार को वह दोपहर एक बजे घर से थोड़ी दूर स्थित मंदिर के पास जा रहा था। मंदिर के करीब ही पहले से घात लगाकर बैठे गुलदार ने युवक पर सामने से हमला कर दिया। गुलदार के हमले से वह नीचे गिर गया। जिससे उसे काफी चोट आई।
इसके बाद एक और घटना में शुक्रवार को तहसील के बुंगा जाखपुरान गांव में सुबह करीब सात बजे धारे पर पानी भरने जा रहे 40 वर्षीय हिम्मत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। पहले तो हिम्मत घबरा गया, लेकिन फिर तेंदुए से भिड़ गया। घायल होने के बावजूद हिम्मत ने एक बड़ा सा पत्थर तेंदुए के मुंह पर मारा तो वह भाग गया। गंभीर रूप से घायल हिम्मत सिंह को जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
एक और घटना शुक्रवार की है बागेश्वर-ताकुला मोटर मार्ग की है, यहां सुबह लगभग सात बजे एडवोकेट दिग्विजय अपनी बाइक से जनौटी जा रहे थे। झिरौली मैग्नासाइट के समीप अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके पैर में तेंदुए के पंजों के गहरे जख्म हो गए। तेंदुए के हमले के बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद तेंदुए ने उनका पीछा छोड़ दिया। ')}