भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि एन0एच0 74 घोटाले की जाँच में दो आई0ए0एस0 अधिकारियों का निलंबन अब की सबसे बड़ी कार्यवाही है। जिसमें नियमों को ताक पर रखकर लैण्ड यूज बदला गया और मुआवजे को 5 से 6 गुना बढ़ाकर दिखाया गया।
यहाँ भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि गत चुनाव में जनता ने इस विश्वास के साथ कि हम भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेगें, भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया और हमने वह कर दिखाया।
एन0एच074 घोटाले का उल्लेख करते हुये उन्होनें कहा कि यह घोटाला जो करीब 400 करोड़ रु का है, में जाँच के दौरान अब 7 पी0सी0एस0 अधिकारियों सहित 22 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और सभी जेल में हैं। यह सभी के लिये स्पष्ट संकेत है कि देवभूमि के संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी जंग लड़ रही है और केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व व उत्तराखण्ड में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
भाजपा संगठन इस लड़ाई में सरकार के साथ सहभागी है। इस कार्यवाही से पूरे प्रदेश और देश में एक सकारात्मक संदेश गया है, साथ ही यह बात भी स्पष्ट तौर पर सबके सामने आई है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा व भाजपा सरकारें कोई समझौता नहीं करती चाहे उसमें कोई भी व्यक्ति दायरे में आता हो।
उन्होनें कहा कि कुछ अन्य मामलों में भी सरकार ने एस0आई0टी0 गठित की है जिनकी जाँच जारी है और यह सभी जाँच निष्कर्ष तक पहुँचेगीं। ')}