भाजपा ने नौ और उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में सबसे चर्चित नाम पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री ऋतु भूषण खंडूडी को कोटद्वार से टिकट दिया गया है। ऋतु यमकेश्वर से विधायक थी। भाजपा की पहली सूची में 59 नाम दिए गए थे, दूसरी सूची में नौ नाम हैं। इसके बाद भी दो नाम अभी घोषित होने बाकी हैं। रूद्रपुर से राजकुमार ठुकराल तथा झबरेड़ा से देशराज कर्णवाल का टिकट काट दिए हैं। जागेश्वर से सुभाष पांडे के स्थान पर मोहन सिंह मेहरा को टिकट दिया गया है।
बता दें कि रुद्रपुर से सीटिंग विधायक राजकुमार ठुकराल की जगह पर शिव अरोड़ा को टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों एक कथित आडियो जारी हुआ था, जिसमें राजकुमार ठुकराल की आवाज होने का दावा किया गया था, इस आडियो में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे थे और दोनों के चुनाव हारने का दावा किया जा रहा था।