चमोली : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की रहने वाली दो बहनें घर में रखे नकदी एवं जेवरातों को लेकर कई सौ किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर शादी रचाने उत्तराखंड की पर्यटन नगरी ग्वालदम आ धमके। 21 जुलाई से घर से गायब दोनों बहनों को हिमाचल पुलिस ने यहां बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें हिमाचल जाने के लिए तैयार नहीं हो रही थी और बड़ी बहन युवक से शादी की जिद्द पर अड़ी हुई थी लेकिन युवक के नाबालिग होने की वजह से शादी नहीं हो सकी और दिल टूट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हिमाचल पुलिस लगातार लड़कियों को ट्रेस करा रही थी। इस बार दोनों लड़कियों की लोकेशन थराली ग्वालदम में पाई गई। लोकेशन ट्रेस करते हुए हिमाचल पुलिस की टीम ने ग्वालदम पहुंचकर दोनों बहनों को एक नेपाली मूल के युवक सूरज पुत्र देवेंद्र जो पिछले कई वर्षों से ग्वालदम में ही रहता है के घर से बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार नेपाली मूल का युवक दोनों लड़कियों को लेने ऋषिकेश तक गया था। बताया जा रहा है कि दोनों सगी बहनों में से बड़ी बहन का संपर्क PUBG गेम खेलते समय उक्त युवक से हो गया था। बाद में मोबाइल पर बात होनी लगी और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। 21 जुलाई को लड़की घर से नकदी, जेवरात के साथ अपनी छोटी बहन को लेकर ग्वालदम आ गई।
हिमाचल पुलिस की टीम के एएसआई सुरजीत कुमार ने बताया कि दोनों लड़कियों को कांगड़ा के उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश करने की तैयारी है। पुलिस के मुताबिक लड़कियां उनके सामने अपने बयान दर्ज करेंगी उसके हिसाब से आगे की कार्यवाही की जाएगी। लड़कियों ने बताया कि लड़की अपनी मर्जी से यहां आई हैं। जो जेवरात व नगदी साथ में लाइ थी वह भी खर्च कर दी है जिसकी पुलिस जांच कर रही है।