उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है प्रदेश में नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान थोड़ी देर में होगा लेकिन फिलहाल विधायक पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के नए सीएम के रूप में चुने जाने की सहमति लगभग बन गई है। थोड़ी देर में नाम का एलान हो सकता है। बता दें कि धामी बीजेपी के 2 बार के खटीमा से विधायक है। वे युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके है।
पुष्कर सिंह धामी का जन्म पिथौरागढ़ के टुंडी गांव में हुआ। गांव में शुरुआती पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल की। धामी पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उनके पास मानव संसाधन प्रबंधन में मास्टर डिग्री है। पुष्कर सिंह धामी कॉलेज के दिनों में ही एबीवीपी से जुड़ गए थे। लखनऊ विश्वविद्यालय में धामी छात्र समस्याओं को उठाने के लिए जाने जाते थे। साल 1990 से 1999 तक वो एबीवीपी में विभिन्न पदों पर रहे।
छात्र राजनीति के दिनों में वो यूपी में एबीवीपी के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी के पिता सेना में थे, इसलिए समाज और देश के लिए कुछ करने की शिक्षा उन्हें परिवार से मिली। तीन बहनों का अकेला भाई होने की वजह से वो पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी कुशलता से निभाते रहे। वो दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।