देहरादून: अंततः पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के बीच विभागों का बंटवारा हो गया। धामी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद अब विभाग बंटे हैं। मुख्यमंत्री के पास कार्मिक एवं सतर्कता, सचिवालय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, नियोजन, राज्यसंपत्ति, सूचना, गृह, राजस्व, औद्योगिक विकास खनन, औद्योगिक विकास, श्रम, सूचना प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी, पेयजल, ऊर्जा, आयुष एवं आयुष शिक्षा, आबकारी, न्याय, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, नागरिक उड्डयन समेत 21 मंत्रालय हैं। पिछले कार्यकाल में उनके पास 12 मंत्रालय थे। लेकिन इस बार वे कुल 24 विभागों को देखेंगे।
सतपाल महाराज को पर्यटन समेत वही पुराने विभाग मिले हैं जिसमे लोक निर्माण, सिंचाई समेत 10 विभाग हैं। जिसमे पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन जलागम प्रबंधन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई आदि विभाग शामिल हैं।
प्रेमपचंद्र अग्रवाल के पास वित्त, शहरी विकास समेत 6 विभाग हैं, इसमें आवास, विधायी एवं संसदीय कार्य, पुनगर्ठन, जनगणना शामिल हैं।
गणेश जोशी के पास कृषि, उद्यान, सैनिक कल्याण समेत 9 विभाग हैं। इसमें कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान एवं कृषि प्रसंस्करण, उद्यान एवं फलोद्योग, रेशम विकास, जैव प्रौद्योगिकी, सैनिक कल्याण और ग्राम्य विकास शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ.धनसिंह रावत का कद बढ़ा है। धन सिंह रावत के पास प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा मंत्रालय दिए गए हैं। वह चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, सहकारिता, संस्कृत शिक्षा मंत्रालय भी देखेंगे।
सुबोध उनियाल के पास वन, भाषा, निर्वाचन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्रालय दिए गए हैं।
रेखा आर्य के पास महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय/विभाग सौंपे गए हैं।
चंदन राम दास समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, परिवहन, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम विभाग देखेंगे।
सौरभ बहुगुणा के पास पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्रालय दिए गए हैं।